बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर भाई पर दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने का आरोप, पुलिस चेकिंग के दौरान की फायरिंग
हरिद्वार। जनपद के ग्राम झबरेड़ी कलां में बहन और उसके प्रेमी की हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को झबरेड़ा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को झबरेड़ी कलां गांव में सूरज उर्फ मुन्ना (करीब 18 वर्ष) और रुपा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक सूरज के पिता अशोक पुत्र चत्तर सिंह की तहरीर पर झबरेड़ा कोतवाली में अमन उर्फ भरोसी पुत्र रामकुमार, निवासी झबरेड़ी कलां के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
बहन के प्रेम प्रसंग से नाराजगी का आरोप
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी अमन उर्फ भरोसी ने अपनी बहन रुपा और सूरज के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों की हत्या करने की बात बताई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के अनुसार उसे इस रिश्ते से परिवार और समाज में बदनामी होने की आशंका थी। दोहरे हत्याकांड के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ उसकी तलाश कर रही थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग
पुलिस के अनुसार, बुधवार को टीम को सूचना मिली कि दोहरे हत्याकांड का आरोपी अमन उर्फ भरोसी अपने गांव की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम नहर पुल पिकेट पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल से एक व्यक्ति तेज गति से आता दिखाई दिया।
पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और ग्राम बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर भागने लगा। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन पुलिस के अनुसार आरोपी ने दोबारा फायरिंग की। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान दोहरे हत्याकांड के वांछित अमन उर्फ भरोसी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार पहुंचाया।
मुठभेड़ में अलग मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के संबंध में झबरेड़ा कोतवाली में अमन उर्फ भरोसी के खिलाफ मुकदमा किया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास, हत्या की वारदात में प्रयुक्त हथियार और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी का नाम पता अमन उर्फ भरोसी पुत्र रामकुमार, निवासी ग्राम झबरेड़ी कलां, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार बताया गया है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है।



