दीप मैठाणी ✍️NIU विगत दिवस पूर्व आम आदमी पार्टी उत्तराखंड ने देहरादून कैंट विधानसभा सीट से नवीन बिष्ट को अपना प्रत्याशी घोषित किया। प्रत्याशी घोषित होते ही उन्होंने चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी तेज कर दी है और क्षेत्र की गलियों, मोहल्लों तथा बस्तियों में जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है।
नवीन बिष्ट प्रत्याशी घोषित होने के बाद सीधे लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। वे गली-मोहल्लों में निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उनसे आगामी विधानसभा चुनाव में आप के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं।
इस अभियान का मकसद सिर्फ प्रचार नहीं, बल्कि बूथ स्तर तक पार्टी का संपर्क और संगठन मजबूत करना भी है। नवीन बिष्ट के साथ पार्टी के कार्यकर्ता भी क्षेत्र में जनता से संवाद कर रहे हैं और उन्हें पार्टी की नीतियों के बारे में जानकारी दे रहे हैं।

जनसंपर्क के दौरान नवीन बिष्ट पेयजल, सड़क, स्वच्छता, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार जैसे स्थानीय मुद्दों पर लोगों से बातचीत कर रहे हैं। उनका कहना है कि जनता की समस्याओं को नजदीक से समझना उनकी प्राथमिकता है और चुनाव जीतने के बाद इन्हें प्राथमिकता पर हल करने का प्रयास किया जाएगा।
गली-मोहल्लों में मुलाकात के दौरान उनके समर्थक युवाओं और महिलाओं से पार्टी के पक्ष में सक्रिय होने तथा सदस्यता लेने का आग्रह भी कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रत्याशी का सीधे उनसे मिलना उनके लिए अच्छा संकेत है।

नवीन बिष्ट के प्रत्याशी घोषित होने के बाद से आप कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया है। कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद जश्न मनाया गया था उस दौरान कई युवाओं व महिलाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी ।
नवीन बिष्ट ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन पर जताए गए भरोसे पर खरा उतरने के लिए वे पूरी मेहनत कर रहें हैं। अब उनका पूरा जोर कैंट विधानसभा क्षेत्र के हर मोहल्ले तक पहुंचकर जनता का समर्थन जुटाने पर है।
नवीन बिष्ट की चुनावी रणनीति…
- बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं का जनसंपर्क अभियान चलाना।
- गली-मोहल्लों में स्थानीय समस्याओं को दर्ज करना और उन पर ठोस प्रतिबद्धता देना।
- युवाओं, महिलाओं और स्थानीय समाज के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करना।
- पार्टी की नीतियों व कार्यों को लोगों तक पहुंचाकर मतदाताओं का भरोसा बढ़ाना।
कैंट सीट से नवीन बिष्ट को आप का प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा देहरादून में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में की गई थी, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे। अब चुनावी तैयारी को लेकर पूरे क्षेत्र में पार्टी का जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है।



