9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का असर अभी भी जारी है। मौसम विभाग ने 4 सितंबर को राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले तीन घंटों के दौरान नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, चमोली, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर तेज से बहुत तेज बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मसूरी, डाकपत्थर, केदारनाथ, सोनप्रयाग, जोशीमठ, कर्णप्रयाग, श्रीनगर, मुनस्यारी, दारमा, बेरीनाग और रामनगर समेत आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम खराब रह सकता है।
4 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश
4 सितंबर को नैनीताल, चंपावत, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। वहीं देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर में भी भारी बारिश हो सकती है। राज्य के सभी जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
5 से 7 सितंबर तक भी राहत नहीं
5 सितंबर को राज्यभर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज बारिश हो सकती है। 6 सितंबर को बागेश्वर, नैनीताल, पौड़ी और चमोली में भारी बारिश की संभावना है, जबकि पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा।
7 सितंबर को बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी वर्षा का अनुमान है। इस दिन भी सभी जिलों में गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।



