दो दिन भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार यानी 26 एवं 27 सितंबर को राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसे देखते हुए कई जिलों में रेड अलर्ट जैसी स्थिति बनी हुई है।
26 सितंबर को बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा होने की अधिक संभावना है। देहरादून, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में भी कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है।
27 सितंबर को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में भी भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
इसके बाद 28 सितंबर को गढ़वाल मंडल के जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। 29 सितंबर को कोई विशेष चेतावनी नहीं है। मौसम विभाग ने बारिश के दौरान लोगों से सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।



