देहरादून, 14 जून✍️ देहरादून में रविवार को सांख्य योग फाउंडेशन की पहल में एक प्रभावशाली सफाई अभियान आयोजित किया गया। फाउंडेशन के Ecological Restoration Initiative के तहत बिंदाल हाइडल कॉलोनी स्थित यूपीसीएल सब-स्टेशन के आसपास के क्षेत्र से प्लास्टिक, निर्माण मलबा, कांच के टुकड़े और घरेलू ठोस अपशिष्ट एकत्र कर 100 किलो से अधिक कचरा हटाया गया। यह इलाका बिंदाल नदी और कैंट क्षेत्र के पास स्थित है और प्लास्टिक तथा ठोस कचरे की वजह से स्थानीय पारिस्थितिकी के लिए संवेदनशील माना जाता है।

अभियान में नगर निगम देहरादून के कर्मचारियों ने निस्तारण में सहयोग दिया, जिससे एकत्र कचरा उचित तरीके से हटाया और निष्पादित किया गया। सांख्य योग फाउंडेशन ने बताया कि अभियान का मकसद सिर्फ साफ-सफाई नहीं, बल्कि शहरी जल स्रोतों, हरित क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों को कचरे और प्रदूषण से मुक्त रखना भी है।
फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि शहरी पारिस्थितिकी का संरक्षण केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है; इसके लिए जल स्रोतों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई व संरक्षण भी आवश्यक है। इसी नीति के अनुरूप फाउंडेशन भविष्य में पारिस्थिक पुनर्स्थापन, वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता तथा सामुदायिक सहभागिता से जुड़े और कई कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रहा है।

अभियान में डॉ. मुकुल शर्मा, अंकित सिंह, एबिगिल, गीता चौधरी, डॉ. ऊर्जा आहूजा, अनुराग आहूजा, अनीता नेगी, आरोही, अर्चना, मोनिशा, साहस, पियांगनी तथा किशन रावत समेत कई स्थानीय स्वयंसेवक और नगर निगम के कर्मचारी शामिल थे। उपस्थित स्वयंसेवकों ने कहा कि ऐसी सामुदायिक पहल से स्थानीय पारिस्थितिकी में सुधार की उम्मीद बढ़ती है और लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी आती है।
स्थानीय निवासियों ने भी अभियान की सराहना की और अनुरोध किया कि नियमित सफाई अभियानों के साथ-साथ कचरा निस्तारण और सार्वजनिक जागरूकता के स्थायी उपाय अपनाए जाएं। सांख्य योग फाउंडेशन ने कहा कि वह आगे भी समुदाय के साथ मिलकर ऐसे कार्यक्रम जारी रखेगा और नागरिकों से सहयोग की अपील की है।




