दीप मैठाणी✍️NIU देहरादून,
उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीति में उस समय नया घटनाक्रम सामने आया, जब उत्तराखंड क्रांति दल से स्वेच्छा से त्यागपत्र देने वालीं पूर्व महिला प्रकोष्ठ अध्यक्षा और रिटायर्ड मेजर संतोष भंडारी ने उत्तराखंड क्रांति दल (डेमोक्रेटिक) की औपचारिक सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके साथ कई अन्य लोगों ने भी दल में शामिल होकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में उत्तराखंड क्रांति दल (डेमोक्रेटिक) के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आशुतोष नेगी और दल के संस्थापक बलवेंद्र सिंह नेगी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने रिटायर्ड मेजर संतोष भंडारी सहित नव सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया और उनसे संगठन की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर दल ने रिटायर्ड मेजर संतोष भंडारी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के साथ-साथ (महिला सशक्तीकरण प्रभार) प्रदान किया।

पार्टी नेतृत्व ने उम्मीद जताई कि उनके एनसीसी से अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सरोकारों से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा प्रदेश की महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने में उनकी भूमिका अहम रहेगी।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद रिटायर्ड मेजर संतोष भंडारी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दल ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के जनहित, राज्य की मूल भावनाओं और क्षेत्रीय अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।
मेजर संतोष भंडारी ने कहा कि वह महिलाओं, युवाओं, पूर्व सैनिकों और आम जनता की समस्याओं को संगठन के मंच के माध्यम से प्रमुखता से सामने लाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल (डेमोक्रेटिक) को प्रदेश में मजबूत करने, संगठन का विस्तार करने और दल की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए वह हर संभव प्रयास करेंगी।
उन्होंने नवसदस्यों से भी अपील की कि वे संगठन की नीतियों के अनुरूप जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करें और जनता के बीच पार्टी की विश्वसनीयता को मजबूत बनाएं। पार्टी नेताओं ने कहा कि अनुभवी और समर्पित लोगों के जुड़ने से उत्तराखंड क्रांति दल (डेमोक्रेटिक) को प्रदेश में नई ऊर्जा मिलेगी।



