दीप मैठाणी ✍️NIU देहरादून मोहकमपुर-आशारोड़ी एलिवेटेड रोड परियोजना को लेकर शनिवार अपराह्न ऋषिप्रणा सभागार में एलिवेटेड रोड संघर्ष समिति और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। वार्ता की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी ने की। जिलाधिकारी के शहर से बाहर होने के कारण बैठक उनकी अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में संघर्ष समिति ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जबकि एनएचएआई के अधिकारियों ने एलिवेटेड रोड के संभावित तीन रूटों का प्रस्तावन प्रस्तुत किया। अधिकारियों के अनुसार पहले विकल्प में अजबपुर फ्लाईओवर के सोलिटेयर होटल के पास से रेलवे कॉलोनी होते हुए रेलवे लाइन के साथ-साथ आईआईपी के पीछे से मोहकमपुर फ्लाईओवर के बाद मुख्य राजमार्ग तक मार्ग बनाने का प्रस्ताव है।
दूसरे विकल्प में रिस्पना पुल से जोगीवाला होते हुए मोहकमपुर तक रूट प्रस्तावित है, जबकि तीसरे विकल्प में मोहकमपुर से अजबपुर फ्लाईओवर तक रेलवे लाइन के साथ उसकी दाईं ओर मार्ग बनाने का सुझाव दिया गया।
समिति का कहना था कि इस रूट पर आवासीय भवन या कॉलोनी नहीं हैं, बल्कि वहां वाणिज्यिक भूमि है, जिसे आवश्यकता अनुसार किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जा सकता है। साथ ही इस रूट पर मुख्य राजमार्ग की पहले से पर्याप्त चौड़ाई उपलब्ध है।
एनएचएआई की ओर से निर्माण कार्य के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था की संभावित समस्या बताई गई। इस पर समिति ने सुझाव दिया कि ऋषिकेश से आने वाला ट्रैफिक थानों रोड से तथा हरिद्वार से आने वाला ट्रैफिक दूधली रोड से निकाला जा सकता है। समिति ने एक अन्य विकल्प भी रखा, जिसमें आशारोड़ी से क्लेमेंटाउन के पीछे जंगल क्षेत्र होते हुए कुंआवाला रोड तक मार्ग बनाने का प्रस्ताव शामिल है।
वार्ता के बाद अपर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि समिति की समस्याओं और एनएचएआई की ओर से प्रस्तुत बिंदुओं को सक्षम स्तर तक रिपोर्ट किया जाएगा। समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक एलिवेटेड रोड की अधिसूचना निरस्त या संशोधित नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
वार्ता में सुशील, टीएस नेगी, कुलदीप भंडारी, परितोष भटनागर, मयंक, एसपी नैथानी, बैजयंती, ऊषा पड़वार, संतराम जायसवाल, पटवाल, संदीप त्रिभुवन शर्मा सहित समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।



