देहरादून। बसंत विहार थाना क्षेत्र के शुक्लापुर से आगे आशारोड़ी रेंज स्थित डांडीपुर जंगल के बरसाती नाले से मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है। शव की पहचान शाहनगर, डिफेंस कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय नीरज शर्मा के रूप में हुई है। नीरज कुछ दिन पहले भगवानपुर स्थित अपनी बहन के घर से लापता हो गए थे। उनकी गुमशुदगी सेलाकुई थाने में दर्ज थी।

बीडीसी सदस्य अरुण भट्ट ने डांडीपुर जंगल के बरसाती नाले में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही बसंत विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान के प्रयास शुरू किए।
पुलिस ने आसपास के ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों, वार्ड सदस्यों और ग्रामीणों से संपर्क किया, लेकिन तत्काल शव की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद बसंत विहार थाना पुलिस ने जिले के अन्य थानों से संपर्क कर शव के फोटो और हुलिया साझा किया।

जांच के दौरान शव का हुलिया और फोटो सेलाकुई थाने में दर्ज नीरज शर्मा की गुमशुदगी से मेल खा गया। इसके बाद गुमशुदगी मामले के जांचकर्ता उपनिरीक्षक कृपाल सिंह और नीरज शर्मा के परिजनों को शिनाख्त के लिए बुलाया गया। परिजनों ने शव की पहचान नीरज शर्मा के रूप में की।
पुलिस के मुताबिक, नीरज शर्मा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह कुछ दिन पहले भगवानपुर स्थित अपनी बहन के घर से चले गए थे और इसके बाद न तो बहन के घर लौटे और न ही शाहनगर स्थित अपने घर पहुंचे, पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।





