Oplus_16908288
दीप मैठाणी ✍️NIU राजधानी देहरादून की कैंट विधानसभा में कॉंग्रेस उपाध्यक्ष नवीन जोशी के नेतृत्व में आयोजित “परिवर्तन महासम्मेलन” ने स्थानीय राजनीति में एक नया जोश भर दिया है। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व सहित कई दिग्गज नेताओं ने भाग लिया और भारी जनसमूह के बीच पार्टी के आगामी चुनावी संकल्पों को रेखांकित किया।
कैंट विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस परिवर्तन महासम्मेलन में उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, अध्यक्ष चुनाव प्रबंधन समिति हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन महारा, जसविंदर गोगी, गरिमा दौसानी, जोत सिंह गुनसोला सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर भारी तादाद में लोगों की भीड़ देखी गई, जिसमें बड़ी संख्या में नए लोग शामिल हुए और औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता लेकर पार्टी का “हाथ” थामा। आयोजक नवीन जोशी के मुताबिक, यह जन-उमंग आगामी विधानसभा चुनावों में क्षेत्र की बदली हुई राजनीतिक मिजाज का संकेत देती है।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की “कथनी और करनी” में बेहद अंतर है और अब समय आ गया है कि भाजपा को सत्ता से हटाकर कांग्रेस को सत्ता सौंपी जाए। गोदियाल ने महंगाई को अपने चरम पर बताते हुए कहा कि भाजपा का ध्यान आम जनमानस की समस्याओं पर नहीं है, बल्कि उनके राज में “माफिया तंत्र” फल-फूल रहा है। उन्होंने जनता से आगामी चुनावों में कांग्रेस को जिताकर बदलाव लाने की अपील की। साथ ही, उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन और बड़ी संख्या में पहुंचे श्रोताओं के लिए आयोजक नवीन जोशी को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत जैसे वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को रणनीतिक महत्व दिया है। रावत, जो सहसपुर विधानसभा से दावेदारी का दम भर रहें हैं और 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों में अहम भूमिका निभा रहे हैं, के नेतृत्व को क्षेत्र में कांग्रेस की मजबूत पकड़ के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि सहसपुर में लंबे समय से स्थानीय नेता आयेंन्द्र शर्मा अपनी जमीन तलाशते नजर आ रहें हैं ऐसे में यहां गुटबाजी की प्रबल संभावनाएं देखी जा सकती है।

कार्यक्रम में शामिल अन्य नेताओं ने भी स्थानीय मुद्दों, रोजगार, महंगाई और प्रशासनिक जवाबदेही जैसे विषयों पर जनता के बीच कांग्रेस के एजेंडे को प्रभावी ढंग से रखा।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक और कांग्रेस उपाध्यक्ष नवीन जोशी ने मंच पर पधारे सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य कैंट विधानसभा सीट को कांग्रेस की झोली में डालना है। जोशी ने कहा कि सभा में उमड़ी भीड़ इस बात का सबूत है कि जनता अब भाजपा से ऊब चुकी है और उसे सत्ता से उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। उनके अनुसार, यह महासम्मेलन केवल एक रैली नहीं, बल्कि “परिवर्तन” की दिशा में एक संगठित जन-अभियान का प्रतीक है।

यह महासम्मेलन उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की पृष्ठभूमि में आयोजित किया गया था, जहां कांग्रेस लगातार भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, अग्निवीर योजना, और अंकिता भंडारी मामले जैसे मुद्दों पर हमलावर रही। प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने हाल के दिनों में गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने, हर बेरोजगार परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने, और पुरानी पेंशन योजना लागू करने जैसे वादे भी किए हैं, कैंट जैसे शहरी और रणनीतिक महत्व के क्षेत्र में इतनी बड़ी जन-सभा को कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण मोमेंटम माना जा रहा है। पार्टी अब इस ऊर्जा को बूथ-स्तर तक संगठन मजबूत करने, नए सदस्यों को जोड़ने, और स्थानीय मुद्दों पर जन-संपर्क बढ़ाने में लगाने की योजना बना रही है यह वही विधानसभा है जहां भाजपा के दिवंगत नेता स्व. हरबंश कपूर आठ बार से लगातार विधायक रहे हैं और वर्तमान में उनकी धर्मपत्नी सविता कपूर विधायक हैं।

“परिवर्तन महासम्मेलन” ने देहरादून की कैंट सीट पर कांग्रेस की चुनावी तैयारियों को एक नई दिशा दी है। वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी, नए सदस्यों का शामिल होना, और जनता की भारी उपस्थिति ने संकेत दिया है कि क्षेत्र में भाजपा के खिलाफ नाराजगी को कांग्रेस एक संगठित राजनीतिक ताकत में बदलने की कोशिश में है। कार्यक्रम की सफलता को देखते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदीयाल ने परिवर्तन महासम्मेलन हर विधानसभा में करवाने की बात कही है, आगामी हफ्तों में पार्टी के स्थानीय अभियान और घोषणापत्र के इर्द-गिर्द यह महासम्मेलन एक महत्वपूर्ण संदर्भ बिंदु बन सकता है।



