Oplus_17956864
देहरादून NIU ✍️फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के शौकीनों के साथ ही पेशेवरों के लिए राजधानी देहरादून में एक खास आयोजन होने जा रहा है। कारगी चौक स्थित नीरजा ग्रीन में आगामी 19 और 20 सितंबर 2026 को 3rd उत्तराखंड फोटो फेयर-2026 का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस भव्य फोटो फेयर में फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, कैमरा तकनीक और आधुनिक डिजिटल उपकरणों का संगम देखने को मिलेगा। देवभूमि फोटोग्राफर्स की ओर से उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में कार्यक्रम के संयोजक नितेश अग्रवाल ‘बंटी’ ने बताया कि पिछले दो वर्षों में सफल आयोजन के बाद इस वर्ष तीसरे उत्तराखंड फोटो फेयर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन फोटोग्राफी जगत से जुड़े लोगों के लिए कला, तकनीक और व्यवसाय का एक बेहतरीन मंच साबित होगा।

उन्होंने बताया कि कैमरे के लेंस के माध्यम से जीवन, प्रकृति, कला और संस्कृति को तस्वीरों में संजोने वाले फोटोग्राफर्स के लिए यह फोटो फेयर नवीनतम कैमरा उपकरणों, आधुनिक लेंस, कंप्यूटर तकनीक और अन्य अत्याधुनिक संसाधनों को करीब से जानने और समझने का अवसर प्रदान करेगा।
इस वर्ष कैमरा इंडस्ट्री, कंप्यूटर तकनीक, स्टोरेज, सॉफ्टवेयर, प्रिंटिंग और अन्य तकनीकी उपकरणों से जुड़ी कई प्रमुख कंपनियां फोटो फेयर में अपने उत्पादों और नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी। फोटोग्राफर्स को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों के उत्पादों और तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
फोटो फेयर में मास कम्युनिकेशन, फोटोग्राफी एवं मीडिया से जुड़े छात्र-छात्राओं को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा, ताकि वे आधुनिक कैमरा तकनीक और फोटोग्राफी के क्षेत्र में हो रहे बदलावों को करीब से समझ सकें। इसके साथ ही फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ अपने अनुभव और ज्ञान को साझा करते हुए युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि उत्तराखंड के दूर-दराज के क्षेत्रों में काम करने वाले फोटोग्राफर्स को बड़े शहरों में आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों तक पहुंचने में कई बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उत्तराखंड फोटो फेयर उनके लिए एक ऐसा मंच उपलब्ध कराने का प्रयास है, जहां वे नई तकनीक, उपकरण और उद्योग से जुड़े लोगों से सीधे जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल की सभी फोटोग्राफर्स एसोसिएशनों का इस फोटो फेयर को सफल बनाने में निरंतर पूरा सहयोग और योगदान रहता है। यही सामूहिक सहयोग इस आयोजन को और अधिक मजबूत बनाता है।
इस अवसर पर 3rd उत्तराखंड फोटो फेयर-2026 के आकर्षक पोस्टर का विमोचन भी किया गया। प्रेसवार्ता में आयोजक विकास कपूर, डीपीए अध्यक्ष बीरेंद्र रावत, डीपीडब्ल्यूएस अध्यक्ष मनीष शर्मा, फोटोग्राफर्स क्लब अध्यक्ष अजय लाल तथा फोटो फेयर की कोर कमेटी के सदस्य भूमेश भारती, परमीत सिंह खुराना, गौरव नागपाल, राजू पुसोला, शिवराज ठाकुर, अखिलेश काला, आसिफ जी, सतीश ठाकुर, दीपक पयाल, मनीष शर्मा आदि मौजूद रहे।



