रिपोर्टर- सुनील सोनकर
पर्यटन नगरी मसूरी 15 सितंबर की भीषण बारिश और भूस्खलन के बाद अभी तक पूरी तरह नहीं संभल पाई है। जनजीवन प्रभावित होने के साथ-साथ स्थानीय होटल और व्यापारिक उद्योग भारी संकट में घिर गए हैं। अब होटल एसोसिएशन और ट्रेडर्स यूनियन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से ठोस राहत पैकेज की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा है।
आपदा के दौरान सरकार की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए होटल एसोसिएशन ने कहा कि 3,000 से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया और संपर्क मार्ग बहाल किए गए। लेकिन अब मसूरी का पर्यटन उद्योग रद्द हुई बुकिंग, खाली होटल और घटते पर्यटक विश्वास की मार झेल रहा है।
मसूरी होटल एसोसिएषन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि उन्होने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर होटल कर्मचारियों के वेतन हेतु आर्थिक सहायता, बिजली-पानी के फिक्स्ड चार्ज माफी, सॉफ्ट लोन, टैक्स राहत और वैकल्पिक सड़कों की युद्ध स्तर पर मरम्मत। साथ ही सरकार से राष्ट्रीय व सोशल मीडिया पर मसूरी की सकारात्मक छवि पेश करने का आग्रह भी किया गया है।
इधर मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने बताया कि एसोसिएषन ने भी मुख्यमंत्री को 20 सूत्रीय ज्ञापन भेजा है जिसमें दुकानों को हुए नुकसान, बेरोजगार हुए मजदूरों, बंद पड़ी टैक्सियों और धंसते बाजारों की ओर ध्यान दिलाया गया। उन्होंने मकान-दुकान नष्ट होने वालों को तीन माह का भत्ता, टैक्स में छूट और आसान ऋण की मांग की है।
एसडीएम मसूरी राहुल आनंद ने बताया कि मांगपत्र को मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा गया है और कुछ मांगों पर स्थानीय स्तर पर कार्यवाही भी शुरू की गई है।



