दीपक दीक्षित ✍️उत्तराखंड चंपावत में बीते शुक्रवार व शनिवार को लगातार हो रही बारिश के चलते स्कूल नहीं खुल पाए थे और वर्तमान में भी लगातार बारिश जारी है जिसके चलते कल भी चंपावत में शासकीय व अशासकीय विद्यालय कक्षा 1 से लेकर 12 तक बंद रहेंगे जिसके आदेश जिलाधिकारी चंपावत ने जारी कर दिए हैं, वहीं भारी बारिश उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान में भी जारी है। जिसके चलते उत्तर प्रदेश के एटा जिला में भी जिला अधिकारी द्वारा कल की छुट्टी घोषित की गई है।
एटा जनपद में लगातार 48 घंटे से हो रही बरसात के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है, गांव से लेकर शहर तक हर ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है। दैनिक मजदूर से लेकर किसान तक सभी परेशान नजर आ रहे हैं। ऐसे में मौसम के रुख को देखते हुए जिला अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने आदेश दिया है कि जिले में संचालित सभी बोर्डों के विद्यालय कक्षा 1 से 12 तक तथा आंगनवाड़ी केंद्र 10 अक्टूबर को बंद रहेंगे। इस आदेश का कड़ाई के साथ अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। वहीं जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि कोई भी आंगनवाड़ी केंद्र अथवा विद्यालय खुला पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और उक्त आदेश का कड़ाई के साथ अनुपालन कराया जाए।
