मसूरी, सुनील सोनकर ✍️ NIU | मसूरी में एक बार फिर बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया। मसूरी में उत्तराखंड परिवहन विभाग की बस का ब्रेक फेल हो गया। बस ड्राइवर ने सूझबूझ से बस में बैठे 40 यात्रियों की जान बचा दी। बताया जा रहा है कि शाम के समय मसूरी लाइब्रेरी बस स्टैंड से देहरादून के लिए 40 यात्रियों को लेकर चली थी की 200 मीटर आगे जाकर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए जिससे बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को पहाड़ी की तरफ टक्कर मार दी जिससे बस में बैठे 40 लोग बाल-बाल बच गए।
बस में बैठ यात्रियों ने कहा कि उत्तराखंड रोडवेज की बस का हाल बेहाल है। पहाड़ों में भी खटारा बसें संचालित की जा रही है। यात्रियों ने उत्तराखंड सरकार से मांग की कि मसूरी में उत्तराखंड परिवहन की नई बसों को संचालित किया जाए। जिससे कि देश विदेश से मसूरी घूमने आ रहे यात्री अपनी यात्रा को सुरक्षित पूर्वक कर सके।
बस के परिचालक ने बताया कि वह मसूरी गांधी चौक से बस में 40 सवारी लेकर देहरादून की ओर जा रहे थे कि बस स्टैंड से बस लेकर 200 मीटर आगे जाकर ही बस का ब्रेक फेल हो गया जिससे यह पूरा हादसा पेश आया है। उन्होंने कहा कि ड्राइवर की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया है।
सवाल उठता है कि हाल में ही मसूरी में कई ऐसे मामले आ चुके हैं जब बस के ब्रेक फेल हुआ हैं और एक बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी थी जिसमे सवार कई लोग घायल हो गए थे और दो लोगों की मौत हो गई थी परंतु उसके बाद भी ना तो जिला प्रशासन और ना ही सरकार इस ओर ध्यान दे रही है। ऐसे में मसूरी में पर्यटन सीजन शुरू हो चुका है और अगर इसी तरीके का हाल उत्तराखंड रोडवेज का रहा तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

