Site icon News India Update

UPL 2026: पुरुषों के पहले मुकाबले में अंतिम ओवर तक रहा रोमांच, हरिद्वार एल्मास ने नैनीताल टाइगर्स को 2 विकेट से रौंदा । NIU

UPL 2026: पुरुषों के पहले मुकाबले में अंतिम ओवर तक रहा रोमांच, हरिद्वार एल्मास ने नैनीताल टाइगर्स को 2 विकेट से रौंदा । NIU

देहरादून ✍️NIU
उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 में पुरुषों के वर्ग का पहला मैच बेहद ही रोमांचक रहा। देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस थ्रिलर मुकाबले में हरिद्वार एल्मास ने नैनीताल टाइगर्स को आखिरी ओवर में 2 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की।  

मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी नैनीताल टाइगर्स की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 166 रन बनाए। टीम के लिए ओपनर बल्लेबाज रोहित दानू ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए, जिसके लिए उन्होंने 32 गेंदों में 7 चौके और 1 छक्का लगाया। उनके अलावा शशांक पंत ने 28 रन और मुकेश आर. गुप्ता ने 26 रनों की उपयोगी पारी खेली। हरिद्वार की तरफ से गेंदबाजी में रक्षित रोही ने शानदार स्पेल डालते हुए 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि जन्मेजय जोशी को भी 2 विकेट मिले।  

167 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी हरिद्वार एल्मास की शुरुआत काफी अच्छी रही। ओपनर दक्ष अवाना ने संभलकर खेलते हुए 55 गेंदों में 9 चौकों और 1 छक्के की मदद से 74 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। मध्यक्रम में सौरभ रावत ने 25 और शाश्वत डंगवाल ने 23 रन बनाकर टीम की जीत का रास्ता आसान किया।  

लेकिन इसके बाद नैनीताल टाइगर्स के गेंदबाज संकल्प पटोदिया ने जबरदस्त वापसी कराई। उन्होंने बेहतरीन बॉलिंग करते हुए 4 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट चटकाए और हरिद्वार के बल्लेबाजों को जल्दी-जल्दी आउट कर मैच को रोमांचक मोड़ पर ला खड़ा किया।  

असली ड्रामा तो मैच के आखिरी ओवर में देखने को मिला, जब अवनीश सुधा गेंदबाजी करने आए और हरिद्वार एल्मास को जीत के लिए 6 गेंदों पर 7 रनों की दरकार थी। पहली गेंद डॉट रहने के बाद दूसरी बॉल पर अवनीश ने प्रियांश सिंह (1 रन) को शशांक पंत के हाथों कैच आउट करा दिया, जिससे 160 के स्कोर पर हरिद्वार का 8वां विकेट गिर गया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए सचिन यादव तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना सके और चौथी गेंद पर 1 रन लेकर स्ट्राइक रक्षित डालाकोटी को दी।  

अब अंतिम 2 गेंदों पर जीत के लिए 6 रनों की जरूरत थी और दबाव अपने चरम पर था। 8 विकेट गिर जाने के बावजूद दूसरे छोर पर खड़े रक्षित डालाकोटी ने गजब का आत्मविश्वास दिखाया। ओवर की 5वीं गेंद (19.5 ओवर) पर रक्षित डालाकोटी ने अवनीश सुधा की बॉल पर बिना किसी हिचकिचाहट के वाइड लॉन्ग-ऑन के ऊपर से एक बहुत ही लंबा और गगनचुंबी छक्का जड़ दिया। इस शानदार छक्के के साथ ही हरिद्वार एल्मास ने 1 गेंद शेष रहते मैच को 2 विकेट से अपने नाम कर लिया।

Exit mobile version