दीप मैठाणी ✍️NIU देहरादून, अवैध शराब की रोकथाम हेतु सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट एवं आबकारी निरीक्षक जयवीर सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन दल देहरादून ने बुधवार, 23 सितंबर 2026 को दो अलग अलग जगहों पर छापेमारी की।
पहली कार्रवाई थाना विकास नगर क्षेत्र के शाहपुर कल्याणपुर में हुई, जहां मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त अफसाना पत्नी अब्दुल हसन के घर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान लगभग 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई और लगभग 170 किलोग्राम लहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया। अभियुक्त को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
दूसरी कार्रवाई शाम लगभग 5:57 बजे कोलागढ़ चौक के पास हुई, जहां एक काले रंग की स्कूटी प्लेजर (रजिस्ट्रेशन नंबर UK07X6503) में अवैध शराब ले जाई जा रही थी। वाहन को रोककर तलाशी लेने पर स्कूटी के पायदान पर रखे काले बैग से 96 पाउच माल्टा टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की गई। अभियुक्त वंश पुत्र राजेश निवासी गांधीग्राम नई बस्ती (थाना कोतवाली) को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग ने दोनों मामलों में वाहन व शराब जब्त कर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई है।

