देहरादून, ✍️NIU उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को देहरादून स्थित विशेष न्यायाधीश (सतर्कता अधिष्ठान), गढ़वाल परिक्षेत्र एवं पंचम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने नोटिस जारी कर 3 सितंबर 2026 को न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
यह आदेश वाद संख्या 280/2025 में पारित किया गया है, जिसमें पंकज सिंह क्षेत्री बनाम गणेश जोशी शीर्षक से प्रकरण विचाराधीन है। न्यायालय ने 25 जुलाई 2026 को हुई सुनवाई के दौरान पाया कि बीएनएसएस (BNSS) के प्रावधानों के तहत विपक्षी पक्ष को सुनवाई का अवसर दिया जाना आवश्यक है। इसी आधार पर अदालत ने गणेश जोशी को नोटिस जारी करते हुए अगली सुनवाई के लिए 3 सितंबर 2026 की तिथि निर्धारित की है।
न्यायालय के आदेश के अनुसार, वादी की ओर से अधिवक्ता उपस्थित रहे तथा अभिलेखों पर विचार करने के बाद अदालत ने विपक्षी को सुनवाई का अवसर प्रदान करने का निर्देश दिया। इस पर वादी पंकज सिंह क्षेत्री अधिवक्ता एवं प्रवक्ता उत्तराखंड कांग्रेस ने कहा कि वह इस सरकार की भ्रष्टाचार की पोल खोलने के लिए मंत्री गणेश जोशी के मामले को प्रमुखता से उठा रहे हैं की किस तरीके से यदि एक मंत्री ही आय से अधिक संपत्ति का आरोपी है तो मुख्यमंत्री या अन्य नेताओं का क्या हाल होगा इससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है।

