Site icon News India Update

देवप्रयाग में सड़क दुर्घटना: गहरी खाई में गिरी वैगनआर, तीन घायल; एसडीआरएफ ने दो मृतकों के शव राफ्ट के सहारे नदी पार कर देवप्रयाग पहुँचाए। NIU

देवप्रयाग में सड़क दुर्घटना: गहरी खाई में गिरी वैगनआर, तीन घायल; एसडीआरएफ ने दो मृतकों के शव राफ्ट के सहारे नदी पार कर देवप्रयाग पहुँचाए। NIU

देहरादून ✍️NIU चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही मारुति सुजुकी वैगनआर कार संख्या HR-68 C 1242 ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के समीप, देवप्रयाग से लगभग 04 किलोमीटर श्रीनगर की ओर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरी। वाहन में चालक सहित कुल पाँच व्यक्ति सवार थे। दुर्घटना में तीन व्यक्ति घायल हो गए, जबकि चालक सहित दो लोगों की मृत्यु हो गई।

दुर्घटना की सूचना प्राप्त होने पर एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में तथा एसडीआरएफ श्रीनगर टीम निरीक्षक श्रीमती मंजरी नेगी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।

एसडीआरएफ टीमों के घटनास्थल पर पहुँचने से पूर्व ही जिला पुलिस एवं स्थानीय लोगों द्वारा तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाल लिया गया था। इसके बाद उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया।

घटनास्थल पर पहुँचने के उपरांत एसडीआरएफ टीमों द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहन में फँसे दोनों व्यक्तियों (एक पुरुष एवं एक महिला) के शव टीम द्वारा बाहर निकाले गए। घटनास्थल की भौगोलिक परिस्थितियों एवं नदी मार्ग को देखते हुए दोनों शवों को राफ्ट के माध्यम से नदी पार कर देवप्रयाग पहुँचाया गया, जहाँ आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

घायलों का विवरण

1. उत्तम सिंह, पुत्र श्री मोहन सिंह, निवासी ग्राम लाडोली, रुद्रप्रयाग, उम्र 33 वर्ष।
2. टीशा रावत, पुत्र श्री लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, थाना एवं जिला रुद्रप्रयाग, उम्र 18 वर्ष।
3. सुनीता देवी, पत्नी श्री लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, थाना एवं जिला रुद्रप्रयाग, उम्र 45 वर्ष।

मृतकों का विवरण

1. सत्येश्वरी देवी, पत्नी श्री हुकम सिंह चौहान, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली, उम्र 72 वर्ष।
2. अनिल, वाहन चालक।

एसडीआरएफ की दोनों टीमों द्वारा आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य संपन्न किया गया तथा मृतकों के शवों को सुरक्षित स्थान तक पहुँचाकर अग्रिम कार्रवाई हेतु जिला पुलिस को सौंप दिया गया।

Exit mobile version