देहरादून NIU ✍️मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए भारतीय रेडक्रॉस समिति, राज्य शाखा उत्तराखंड की ऑनलाइन वर्चुअल बैठक चेयरमैन मैनेजिंग कमेटी ओंकार बहुगुणा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सभी जिला शाखाओं के चेयरमैन, सचिवों और राज्य मैनेजिंग कमेटी के सदस्यों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने जनपदों में पूरी सक्रियता के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में जुटें तथा जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करें।
महासचिव डॉ. जे.एन. नौटियाल ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि मानसून को देखते हुए प्रत्येक जिला शाखा आपदा राहत सामग्री का आकलन कर आवश्यक मांग तत्काल राज्य शाखा को भेजे। ऑनलाइन वर्चुअल बैठक में विभिन्न जनपदों के चेयरमैन एवं सचिवों ने अपने क्षेत्रों में भारी बारिश से हुए नुकसान, राहत कार्यों की स्थिति तथा उपलब्ध आपदा राहत सामग्री की जानकारी साझा करते हुए अतिरिक्त राहत सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य शाखा में उपलब्ध राहत सामग्री को प्राथमिकता के आधार पर प्रभावित जनपदों को भेजा जाएगा। चेयरमैन ओंकार बहुगुणा ने कहा कि उत्तराखंड आपदा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। राज्य कार्यालय के कर्मचारी विषम परिस्थितियों में भी लगातार राहत कार्यों के समन्वय में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली को टारपोलिन, कंबल, स्वच्छता किट सहित अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विस्तृत मांग पत्र भेजा गया है।
ओंकार बहुगुणा ने कहा कि रेडक्रॉस में कार्य करना या किसी दायित्व का निर्वहन करना लाभ का पद नहीं, बल्कि मानवीय सेवा का दायित्व है। भारतीय रेडक्रॉस समिति एक स्वायत्त (ऑटोनॉमस) संस्था है, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग अपने कामों को करने के अतिरिक्त स्वयंसेवक (वॉलंटियर) के रूप में निस्वार्थ भाव से सेवाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य शाखा रेडक्रॉस के सात मूलभूत सिद्धांतों के अनुरूप कार्य कर रही है और आपदा के समय बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जिला शाखाओं के चेयरमैन, सचिवों एवं रेडक्रॉस स्वयंसेवकों से मानसून अवधि में पूरी तत्परता और समन्वय के साथ कार्य करते हुए जरूरतमंदों तक समय पर राहत पहुंचाने का आह्वान किया।
ऑनलाइन वर्चुअल बैठक में चमोली के चेयरमैन ओमप्रकाश डोभाल, बागेश्वर के चेयरमैन इंद्र सिंह फरसवान, चंपावत के चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी, पौड़ी के चेयरमैन गणेश कुगसाल, टिहरी के चेयरमैन अब्दुल अतीक, बागेश्वर के सचिव आलोक पांडे, देहरादून की सचिव कल्पना बिष्ट, वाइस चेयरमैन मनोज सनवाल तथा राज्य मैनेजिंग कमेटी के सदस्य अजय सेमवाल, प्रेम बल्लभ भट्ट, दीपक पाठक कैलाश पैन्यूली सहित अन्य पदाधिकारी ऑनलाइन वर्चुअल बैठक में शामिल रहे।

