दीप मैठाणी ✍️NIU देहरादून, ऋषिकेश के रुषाफॉर्म गुमानीवाला के पास आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने जंगल में चल रही शराब की भट्टी का भंडाफोड़ करते हुए 80 लीटर कच्ची शराब और करीब 2 हजार किलोग्राम लहन बरामद किया है।
मुखबिर की सूचना पर आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में ऋषिकेश आबकारी टीम और देहरादून जनपदीय प्रवर्तन दल ने रुषाफॉर्म गुमानीवाला के समीप नौकानाला पार जंगल में छापेमारी की।
इस दौरान जंगल में अवैध कच्ची शराब की भट्टी और जमीन में गड्ढे खोदकर छिपाए गए ड्रम बरामद हुए। टीम ने चार जरिकेन से करीब 80 लीटर कच्ची शराब और लगभग 2 हजार किलोग्राम लहन बरामद किया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
आबकारी टीम को जंगल की ओर आता देखकर शराब तस्कर मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफलता हासिल की। फरार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
कार्रवाई में उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश और अर्जुन सिंह सहित आबकारी हेड कांस्टेबल हेमंत सिंह, राकेश सिंह, दीपा डोबरियाल और आबकारी कांस्टेबल अंकित कुमार, सोनम पंवार व रेशमा चौहान शामिल रहे।

