दीप मैठाणी✍️NIU देहरादून में जाने माने बिल्डर RA Construction के खिलाफ लगे प्लॉट धोखाधड़ी के आरोपों के बाद कंपनी ने प्रेस क्लब में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस का जवाब देते हुए अपना पक्ष सार्वजनिक किया है। कंपनी के कार्यकारी अध्यक्ष शिवम अग्रवाल ने कहा कि कुछ प्लॉटों में गड़बड़ी हुई है, लेकिन यह आनंद बिष्ट से जमीन खरीद के दौरान हुई और कंपनी अपने ग्राहकों को सेटलमेंट या लैंड एक्सचेंज के जरिए राहत देगी।
उत्तरांचल प्रेस क्लब में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिकायतकर्ताओं ने दावा किया था कि RA Construction और उसके मालिक राजेंद्र अग्रवाल, उनके पुत्र शिवम अग्रवाल और पत्नी गायत्री अग्रवाल के खिलाफ पौधा, रानीपोखरी, ऋषिकेश सहित कई इलाकों में जमीन दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये लिए गए। शिकायत में कहा गया कि कई मामलों में जमीन के स्वामित्व, दस्तावेजों और प्रॉपर्टी की वास्तविक स्थिति में विसंगतियां सामने आई हैं। करीब 25 से अधिक परिवारों ने अपनी रकम फंसी होने की बात कही और जांच की मांग की।
RA Construction ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कंपनी ग्राहकों के हित में काम कर रही है और समस्याओं का समाधान करेगी। शिवम अग्रवाल ने स्वीकार किया कि कुछ प्लॉटों में गड़बड़ी हुई है, लेकिन यह आनंद बिष्ट से जमीन खरीद के दौरान हुई, जिसमें कुछ जमीनें धोखे से उन्हें बेची गईं जिनके नंबर इधर-उधर है, उन्होंने कहा कि यह कंपनी की जिम्मेदारी है कि वह सेटलमेंट करे या लैंड एक्सचेंज के जरिए ग्राहकों को राहत पहुंचाए।
शिवम अग्रवाल ने ग्राहकों से संयम बरतने की अपील की और कहा कि उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। कंपनी का कहना है कि वह अपने वादों पर कायम है और “बातें कम, काम ज्यादा” के सिद्धांत पर चलते हुए ग्राहकों की समस्याओं का हल निकालेगी।

