नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में आज क्रिकेट प्रेमियों को एक हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा, जब मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगी। एक तरफ मुंबई पिछली हार के बाद वापसी की तलाश में है, तो दूसरी ओर राजस्थान की टीम इस सीजन में शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। इस मुकाबले में सबकी निगाहें हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर टिकी रहेंगी, जिनकी वापसी मुंबई के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकती है।
मुंबई इंडियंस के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। टीम ने सीजन की शुरुआत जीत से की थी, लेकिन पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार ने उसकी लय को प्रभावित किया। अब मुंबई को ऐसी टीम से भिड़ना है जो इस सीजन में अब तक अजेय रही है।
हार्दिक की वापसी से मिलेगी मजबूती
पिछले मैच में हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी ने मुंबई के संतुलन को प्रभावित किया था। उनकी जगह शामिल किए गए दीपक चाहर ने गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन ट्रेंट बोल्ट की जगह कॉर्बिन बॉश को खिलाने का फैसला टीम के लिए महंगा साबित हुआ। हालांकि अब राहत की खबर यह है कि हार्दिक ने अभ्यास शुरू कर दिया है और उनके इस मुकाबले में खेलने की संभावना जताई जा रही है।
जसप्रीत बुमराह अब तक किफायती गेंदबाजी कर रहे हैं, लेकिन विकेट नहीं ले पाए हैं, जबकि शार्दुल ठाकुर को भी अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा। स्पिन विभाग में मिचेल सैंटनर ने अपनी उपयोगिता साबित की है और उनका खेलना लगभग तय माना जा रहा है।
बल्लेबाजी में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं
मुंबई की बल्लेबाजी इकाई फिलहाल संतुलित दिख रही है और इसमें बड़े बदलाव की संभावना कम है। हालांकि राजस्थान के मजबूत टॉप ऑर्डर के सामने मुंबई के गेंदबाजों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
राजस्थान का आत्मविश्वास चरम पर
राजस्थान रॉयल्स इस सीजन में शानदार लय में है। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की ओपनिंग जोड़ी टीम को लगातार मजबूत शुरुआत दे रही है। ध्रुव जुरेल भी मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन जोड़ रहे हैं।
कप्तान रियान पराग भले ही बल्ले से बड़ा योगदान नहीं दे पाए हों, लेकिन उनका नेतृत्व टीम के आत्मविश्वास को बनाए हुए है। गेंदबाजी में रवि बिश्नोई और तुषार देशपांडे ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। बिश्नोई दो मैचों में पांच विकेट ले चुके हैं, जबकि देशपांडे ने डेथ ओवरों में अपनी काबिलियत साबित की है।
संभावित प्लेइंग-11
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरॉन हेटमायर, रवींद्र जडेजा, डोनोवन फरेरा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, ट्रेंट बोल्ट/कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।
मैच से जुड़ी जरूरी जानकारी:
तारीख: 7 अप्रैल 2026 (मंगलवार)
स्थान: गुवाहाटी का बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम
समय: शाम 7:30 बजे (टॉस 7:00 बजे)
लाइव प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क
लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार ऐप

