नई दिल्ली✍️NIU राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को छह राज्यों में राज्यपालों के बदलाव की घोषणा की। इसमें मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे। नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में हुआ था। वे आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के चिकित्सक हैं और लंबे समय से भाजपा की राजनीति से जुड़े रहे हैं।
वे बरघाट विधानसभा सीट से 1990, 1993, 1998 और 2003 में लगातार चार बार विधायक चुने गए। इसके बाद 2003 से 2005 तक वे मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। वर्ष 2011 से 2013 तक वे मध्य प्रदेश चौथे राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष का दायित्व भी संभाला।
वर्ष 2019 में डॉ. बिसेन बालाघाट लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। समाज सेवा और सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।
डॉ. बिसेन उत्तराखंड के नौवें राज्यपाल होंगे। वर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने 15 सितंबर 2021 को पदभार संभाला था। उनके बाद डॉ. बिसेन राजभवन की कमान संभालेंगे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनकी नियुक्ति पर बधाई दी है और कहा है कि उनका लंबा प्रशासनिक व राजनीतिक अनुभव उत्तराखंड के विकास को नई दिशा देगा।
इन राज्यों में भी बदले गए राज्यपाल
राष्ट्रपति ने एक साथ कई राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति की है। ओम प्रकाश माथुर को केरलम, राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु, ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

