दीप मैठाणी ✍️NIU देहरादून। उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, लोकजीवन और हिमालयी सौंदर्य को फोटोग्राफी के जरिए सामने लाने के लिए संस्कृति निदेशालय, उत्तराखंड सरकार राष्ट्रीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी आयोजित कर रहा है। ‘डिस्कवर उत्तराखंड थ्रू योर लेंस’ की थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के फोटोग्राफरों को आमंत्रित किया गया है। प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं रखा गया है।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड के मेले और त्योहार, उत्तराखंड के लोग एवं उनके पोर्ट्रेट तथा उत्तराखंड हिमालय के प्राकृतिक परिदृश्य शामिल किए गए हैं। प्रतिभागी इन विषयों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, जनजीवन और प्राकृतिक सुंदरता को अपने कैमरे में कैद कर प्रस्तुत कर सकेंगे।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 35 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा सम्माननीय उल्लेख के लिए 10 हजार रुपये का पुरस्कार रखा गया है। प्रिंटिंग के लिए चयनित प्रविष्टियों को भी 5 हजार रुपये मिलेंगे।
आयोजकों के अनुसार, फोटोग्राफी प्रदर्शनी देहरादून, कोहिमा के हॉर्नबिल फेस्टिवल, नई दिल्ली, लखनऊ और अन्य शहरों में आयोजित की जाएगी। इससे उत्तराखंड की संस्कृति और हिमालयी परिदृश्यों को देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शित किया जाएगा।
इच्छुक प्रतिभागी आवेदन और प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए आयोजकों के पोस्टर में दिए गए गूगल फॉर्म लिंक या क्यूआर कोड का उपयोग कर सकते हैं।

