Site icon News India Update

अटल बिहारी वाजपेई ऑडिटोरियम में उ.प्र स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रदर्शनी का किया गया आयोजन । NIU

अटल बिहारी वाजपेई  ऑडिटोरियम में उ.प्र स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रदर्शनी का किया गया आयोजन । NIU

मयंक मिश्रा ✍️ शाहजहांपुर NIU शाहजहाँपुर में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में अटल बिहारी बाजपेई ऑडिटोरियम में भव्य रूप से उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाया गया। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया, इस दौरान ऑडिटोरियम प्रांगण में प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र और गोल्डन कार्ड वितरित किए। कार्यक्रम को जिले के अन्य अधिकारियों ने भी संबोधित किया, इस दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होने 1950 से 2024 तक के उत्तर प्रदेश इतिहास पर प्रकाश डाला, जिलाधिकारी ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी विकास यात्रा में शिक्षा एवं स्वास्थ्य का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने कहा कि जिले के अधिकारियों के टीमवर्क का परिणाम है कि जनपद कई क्षेत्रों में प्रथम स्थान पर है। स्वच्छ भारत मिशन से अत्याधिक बदलाव आया है। जिलाधिकारी ने कहा कि उ0प्र0 में सभी क्षेत्रों में बदलाव हो रहा है। जिलाधिकारी ने उदाहरण देते हुये कहा कि यह विश्व स्तरीय ऑडिटोरियम भी नये उ0प्र0 का उदाहरण है। उन्होंने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी राज्य के विकास में सभी का योगदान महत्वपूर्ण है एवं सर्वाधिक योगदान सबसे निचले पायदान पर स्थित व्यक्ति का होता है, इसलिए सभी अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए पूर्ण मनोयोग से देश एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दें। जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए प्रदर्शनी में लगाए गए सभी स्टालों का भ्रमण कर सभी का उत्साहवर्धन किया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से आम जनमानस को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। नगर निगम शाहजहांपुर द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी द्वारा लोगों को स्वच्छ आदतें अपनाए जाने तथा अपने शहर को गंदगी एवं कचरे से मुक्त रखने की प्रेरणा भी दी गई। स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग द्वारा लगाए गए स्टाल पर योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा हेतु लोगों को जानकारी देते हुए उन्हें प्राकृतिक चिकित्सा हेतु प्रेरित किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए स्टाल के माध्यम से निपुण भारत सहित अनेक योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग, उद्यान विभाग, बाल विकास विभाग द्वारा भी स्टाल लगाए गए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी श्याम बहादुर सिंह ने कहा कि जनपद शाहजहाँपुर का सम्पूर्ण भारत में एक महत्वपूर्ण स्थान है। जनपद शाहजहाँपुर ने बहुत ही उपलब्धियां हासिल की है। उन्होने बताया कि हर घर नल-हर घर जल जैसी शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने वाली महत्वकांक्षी योजना में भी जनपद देश में प्रथम स्थान पर रहा है। आजादी का अमृत महोत्सव, हर घर तिरंगा अभियान, गौशाला निर्माण तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में भी जनपद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने शिक्षकों को स्वतः स्फूर्त प्रेरणा से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिए जाने हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण भारत मिशन से विद्यालयों के स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है तथा बच्चों का पढ़ाई के प्रति रूझान बढ़ रहा है। कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधकारी प्रशासन संजय कुमार पाण्डेय, अपर नगर आयुक्त एस के सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर के गौतम, जिला पंचायत राज अधिकारी घंनश्याम सागर, उपायुक्त उद्योग अनुराग यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version