Site icon News India Update

उत्तराखंड: जनता द्वार कार्यक्रम में यहां ग्रामीणों ने जमकर काटा हंगामा| NIU

उत्तराखंड: जनता द्वार कार्यक्रम में यहां ग्रामीणों ने जमकर काटा हंगामा| NIU

संवाददाता- मनमोहन भट्ट

उत्तरकाशी, जहां पर सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत नोडल अधिकारी बलदेव सिंह डोगरा मंगलवार को डुंण्डा प्रखंड के जसपुर गांव में पहुंचे और चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं व शिकायतों का जमावड़ा लग गया।

ग्रामीणों के द्वारा रखी गई समस्याओं व शिकायतों में गांव में फर्जी राशनकार्डों के तहत अपात्र परिवारों के द्वारा सरकारी खाद्यान्न का लाभ उठाना, विद्युत विभाग के द्वारा विद्युत चोरों के खिलाफ कार्यवाही न करना, विद्युत विभाग की लापरवाही से गांव में बिजली के तारों का झूलना, गांव में लगातार पेयजल की समस्या, जल संस्थान के कर्मचारियों के द्वारा ग्रामीणों की शिकायतों पर बिल्कुल भी ध्यान न देना, आवारा पशुओं के द्वारा ग्रामीणों की फसलों को क्षति पहुंचाना, जल जीवन मिशन योजना में अनियमितता होना व आलवेदर सड़क चौड़ीकरण में क्षतिग्रस्त हुए जसपूर- महिडांडा पैदल मार्ग का क्षतिग्रस्त होना व जसपूर तथा तलोग में पेयजल टैंकों का विस्तार करना जैसी अनेकों समस्याएं रखीं।

जिसमें फर्जी राशनकार्डों व जलसंस्थान एवं विद्युत विभाग से संबंधित प्रमुख समस्याओं तथा विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों की लापरवाही पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा काटा। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में जल संस्थान के कर्मचारियों की लापरवाही से कई दिनों तक पानी नहीं आता है और यही हाल तलोग कस्बे का भी यहां के लोग भी कई दिनों तक नल पर पानी आने की राह देखते हैं। जब गांव में पेयजल की सप्लाई बंद होती है तो जलसंस्थान के किसी भी कर्मचारी को जब भी फोन करते हैं तो कोई भी कर्मचारी फोन नहीं उठाता है समस्या सुननी तो दूर की बात है। गुस्साए ग्रामीणों ने कहा कि गांव में कई दिनों पेयजल सप्लाई बंद रहने के बावजूद भी उन्हें पूरे महीने का बिल चुकाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि जितने दिनों तक पानी के नलखे सूखे रहे उतने दिनों का बिल विभाग के द्वारा समाप्त कर दिया जाना चाहिए।

लेकिन जल संस्थान के द्वारा उनसे पूरे माह का बिल लेकर अवैध वसूली की जा रही है। उक्त समस्या पर जल संस्थान के अधिकारी चुप्पी साधते हुए कारवाई करने की बात करने लगे।ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ भी जमकर हल्ला बोला, ग्रामीणों ने कहा कि विद्युत विभाग की लापरवाही से गांव में बिजली की चोरी हो रही है और विभाग के कर्मचारी देखकर भी अनदेखी कर रहे हैं जिसका खामियाजा कनेक्शन धारकों को भुगतना पड़ है।

ग्रामीणों ने कहा कि विद्युत चोर शाम के समय विधुत लाईन पर तारों को डालते हैं जिससे ट्रांसफार्मर पर शॉर्ट सर्किट होता है और शॉर्ट सर्किट होने से उनके इलेक्ट्रिक सामान जैसे टीवी ,फ्रीज, वाशिंग मशीन व एलइडी बल्ब कई बार जल चुके हैं। साथ ही विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से उन्हें कई बार गलत बिल थमा दिया गया है जिसका कि कई बार उन्होंने भुगतान भी किया है। गांव में झूलती विद्युत की लाइन हादसे को न्योता दे रही है और कई बार विभागीय अधिकारियों को झूलती हुई विद्युत लाइन को ठीक करने के लिए सूचित भी किया गया परन्तु विभागीय अधिकारी नजरअंदाज करते रहे।

वहीं ग्रामीणों ने कहा कि ऑलवेदर सड़क चौड़ीकरण के दौरान जसपुर-महिडांडा पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था जिसकी सूचना उनके द्वारा जिलाधिकारी उत्तरकाशी को भी दी गई जिस पर जिलाधिकारी ने भी शीघ्र पैदल मार्ग को ठीक करने का आश्वासन दिया लेकिन अभी तक यह मार्ग ठीक नहीं हुआ जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में काफी दिक्कतें हो रही है। चौपाल में ग्रामीणों के द्वारा सभी बीपीएल व अंत्योदय राशनकार्डों की जांच करने की अपील की गई |

ग्रामीणों ने कहा कि बीपीएल व अंत्योदय के राशनकार्ड अधिकांश अपात्र परिवारों को मिले हैं और वह धड़ल्ले से सरकारी खाद्यान्न का लाभ उठा रहे हैं जिससे पात्र परिवारों को सरकारी खाद्यान्न का लाभ नहीं मिल पा रहा है जोकि एक जांच का विषय है और इसकी जांच होनी भी अति आवश्यक है। ग्रामीणों ने राशनकार्डों की जांच अन्य विभाग से यथाशीघ्र करवाने की मांग की। चौपाल में समस्याओं का इतना जमावड़ा था कि अधिकारी भी चौपाल में समस्याओं का निस्तारण करने में असफल दिखे। नोडल अधिकारी के द्वारा सभी शिकायतों को सम्बंधित विभागों में अग्रेषित कर उचित कार्यवाही करने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया गया। इस चौपाल में बलदेव सिंह डोगरा नोडल अधिकारी, महिपाल सिंह राणा जेई जलसंस्थान,बिजय सिंह राणा ग्राम पंचायत अधिकारी, रघुवीर राणा, अनिल असवाल राजस्व उपनिरीक्षक, श्रीमती देवी श्रीवास्तव एएनएम, देवेश्वरी आशा कार्यकर्ती अवस्थी,रेखा देवी आंगनवाड़ी कार्यकर्ती,व सूरजमणी भट्ट सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Exit mobile version