देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर में तीन घंटे में होगी भारी बरसात
पहाड़ से लेकर मैदान तक झमाझम बरसात
उत्तराखंड में बारिश का दौर अभी थमता नजर नहीं आ रहा है. मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए बारिश को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है. 25 अगस्त को राज्य के सभी जिलों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. वहीं देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, पिछले 24 घंटों की बात करें तो इस दौरान उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा अधिक दर्ज किया गया।
वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा. अगले कुछ दिनों में बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज बौछारों का दौर देखने को मिल सकता है. 26 से 28 अगस्त तक भी पहाड़ी जिलों में कई जगह बारिश की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों में बारिश का दायरा अपेक्षाकृत कम रह सकता है. ऐसे में पहाड़ों में रहने वाले लोगों और यात्रा करने वालों को मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
26 अगस्त को पहाड़ों में ज्यादा असर
26 अगस्त को पहाड़ी जिलों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं. वहीं मैदानी इलाकों में हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कुछ स्थानों पर ही बारिश या बौछारें देखने को मिल सकती हैं. पहाड़ी जिलों में बिजली चमकने और तेज से बहुत तेज बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
27 अगस्त को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
27 अगस्त को भी उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में कुछ ही स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं. पहाड़ों में कहीं-कहीं बिजली कड़कने और तेज से बहुत तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
वहीं, 28 अगस्त को भी पहाड़ी जिलों में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. मैदानी क्षेत्रों में हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं पहाड़ी इलाकों में बिजली चमकने के साथ तेज से बहुत तेज बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है।
उधर मंगलवार को सुबह मौसम विज्ञान केंद्र ने 3 घंटे का तात्कालिक मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए सुबह 10:30 तक जनपद -देहरादून, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़ में कुछ जगहों पर यथा – टनकपुर , लोहाघाट, बेरीनाग, ऋषिकेश , डोईवाला , पुरोला ,दारमा, मुनस्यारी, शिवपुरी रेंज चंबा, सुधोवाला, कपकोट, तथा आस-पास के क्षेत्रों में मध्यम वर्षा एवं गर्जन / वर्षा के अति तीव्र दौर होने की संभवना जताई हैं I

