Site icon News India Update

पुराने स्वास्थ्य केंद्र में भीषण आग, सेवानिवृत्त एएनएम की जिंदा जलकर मौत

पुराने स्वास्थ्य केंद्र में भीषण आग, सेवानिवृत्त एएनएम की जिंदा जलकर मौत

मोरी, त्यूणी और हिमाचल के रोहड़ू से पहुंची दमकल टीमों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू, पूरा भवन जलकर राख

उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड के आराकोट में मंगलवार देर रात पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के समय वह भवन के अंदर अकेली थीं और आग तेजी से फैलने के कारण उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग इतनी विकराल थी कि उसे बुझाने के लिए मोरी और त्यूणी के साथ हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से भी फायर ब्रिगेड की टीम बुलाई गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक पुराना स्वास्थ्य केंद्र भवन पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

लंबे समय से भवन में रह रही थीं पार्वती जैन

बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद पार्वती जैन पिछले कई वर्षों से पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन में ही रह रही थीं। सामाजिक कार्यकर्ता मनमोहन सिंह चौहान के अनुसार, पार्वती जैन मूल रूप से देहरादून के आराघर क्षेत्र की रहने वाली थीं और सेवानिवृत्ति के बाद लंबे समय से आराकोट में रह रही थीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, उनसे मिलने के लिए समय-समय पर उनकी एक मुंहबोली बेटी भी आती थी।

लकड़ी के चूल्हे से आग लगने की आशंका

थानाध्यक्ष दीपक रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण लकड़ी का चूल्हा माना जा रहा है। आशंका है कि खाना बनाते समय चूल्हे से आग भड़की और देखते ही देखते पूरे भवन में फैल गई। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना मृतका के भतीजे को दे दी गई है, जो देहरादून से आराकोट के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके पहुंचने के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम समेत अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Exit mobile version