रिपोर्टर- सुनील सोनकर
मसूरी। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक ने मसूरी में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि देश की जनता विकास और स्थायित्व चाहती है, जो केवल डबल इंजन सरकार से ही संभव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विश्व पटल पर मजबूत पहचान बना रहा है।
निशंक ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की नीति के तहत केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है, जिसका लाभ पूरे देश को मिल रहा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब राष्ट्रहित और विकास की राजनीति के साथ खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की राजनीति को जनता ने स्वीकार नहीं किया।उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और वह केवल बयानबाजी कर रहा है।
उत्तराखंड को लेकर उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में भी भाजपा सरकार दोबारा सत्ता में आएगी, क्योंकि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर तेजी से विकास कार्य कर रही हैं।निशंक ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में उत्तराखंड को विकास के लिए केंद्र से रिकॉर्ड धनराशि मिली है और प्रदेश लगातार विकास की ओर अग्रसर है।

