रिपोर्टर- सुनील सोनकर
मसूरी की एकमात्र सरकारी स्वास्थ्य इकाई उप जिला चिकित्सालय में अब नेत्र ऑपरेशन की सुविधा शुरू हो गई है। गुरूवार को उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. खजान सिंह चौहान और नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने संयुक्त रूप से नेत्र ऑपरेशन थिएटर का शुभारंभ किया। शुभारंभ के साथ ही आई सर्जन डॉ.नेहा पांती ने मोतियाबिंद का पहला सफल ऑपरेशन कर नई सुविधा की शुरुआत की।
इस अवसर पर डॉ. नेहा पांती ने कहा कि सरकार और अस्पताल प्रशासन द्वारा आंखों के ऑपरेशन के लिए सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। अब स्थानीय मरीजों को इलाज के लिए देहरादून नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उप जिला चिकित्सालय में आगे भी सभी प्रकार के नेत्र ऑपरेशन किए जाएंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने अस्पताल प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीएमएस डॉ. खजान सिंह चौहान के नेतृत्व में चिकित्सालय को लगातार अपग्रेड किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के प्रयासों से डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी दूर हुई है। उन्होंने बताया कि जल्द फोर्थ क्लास कर्मचारियों की नियुक्ति भी की जाएगी। साथ ही अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम हाउस और पार्किंग निर्माण को लेकर एमडीडीए को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
सीएमएस डॉ. खजान सिंह चौहान ने बताया कि उप जिला चिकित्सालय मसूरी आसपास के दर्जनों गांवों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। अब यहां ऑर्थाे, गायनी और नेत्र संबंधी ऑपरेशन होने से लोगों को बेहतर इलाज स्थानीय स्तर पर ही मिलेगा। उन्होंने जनता से अस्पताल की सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।

