Site icon News India Update

मसूरी आपदा में कांग्रेस मैदान में, सरकार पर भेदभाव का आरोप

मसूरी आपदा में कांग्रेस मैदान में, सरकार पर भेदभाव का आरोप

गोदावरी थापली ने कहा, फोटो सेशन में व्यस्त है सरकार, हम पैदल पहुंचा रहे हैं राशन

रिपोर्टर- सुनील सोनकर 

हाल ही में मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में आई भीषण आपदा ने जनजीवन और पर्यटन को बुरी तरह प्रभावित किया है। वहीं कांग्रेस पार्टी ने ज़मीनी स्तर पर राहत कार्यों की कमान संभालते हुए सरकार पर राजनीतिक भेदभाव के गंभीर आरोप लगाए हैं।

कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली ने आपदा प्रभावित गरीब, मजदूर और रिक्शा चालकों के बीच राशन सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि जहां सरकारी वाहन नहीं पहुंच पा रहे, वहां हमारे कार्यकर्ता पैदल राहत लेकर जा रहे हैं। सरकार केवल फोटो खिंचवा रही है।

गोदावरी थापली ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राहत कार्यों में भेदभाव किया जा रहा है और कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों को काम नहीं करने दिया जा रहा। उन्होंने यह भी कहा कि आपदा से मसूरी का पर्यटन पूरी तरह तबाह हो गया है। होटल व्यवसायी, दुकानदार और स्थानीय लोग आजीविका के संकट में हैं। उन्होंने मसूरी के लिए विशेष राहत पैकेज और करों में छूट की मांग की है।

गोदावरी थापली ने मसूरी एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को 8 सूत्रीय ज्ञापन भी भेजा, जिसमें मुआवजा, पुनर्वास, सड़क मरम्मत और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी मांगें शामिल हैं।

स्थानीय लोगों ने भी कांग्रेस के राहत कार्यों की सराहना की और सरकार की निष्क्रियता पर नाराजगी जताई।

Exit mobile version