Site icon News India Update

उत्तराखंड में डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन शुरू

उत्तराखंड में डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन शुरू

6 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन

देहरादून। उत्तराखंड में दो वर्षीय डीएलएड प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी छह अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल के अनुसार स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को डीएलएड में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा देनी होगी। परीक्षा 18 नवंबर को प्रदेश के 29 शहरों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा परिणाम के आधार पर मेरिट तैयार कर अभ्यर्थियों को डायट में प्रशिक्षण के लिए प्रवेश दिया जाएगा।

इस बार डीएलएड की कुल 650 सीटें निर्धारित की गई हैं। इनमें विज्ञान वर्ग के लिए 325 तथा कला एवं वाणिज्य वर्ग के लिए 325 सीटें हैं। प्रत्येक डायट में दोनों वर्गों के लिए 50-50 सीटें रखी गई हैं। प्रशिक्षण की वार्षिक फीस 35 हजार रुपये निर्धारित है। परीक्षा शुल्क सामान्य व अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 600, एससी-एसटी के लिए 300 और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 150 रुपये है। आवेदन की प्रक्रिया ukdeled.com पर होगी।

Exit mobile version