संवाददाता- मोहन प्रसाद मीणा
मथुरा बरसाना। सतत् विकास के लक्ष्यों को बढ़ावा देने वाली संस्था अक्षय पात्र फाउंडेशन की पहली सामुदायिक एवं 67वीं केन्द्रीयकृत रसोई घर का उद्घाटन रविवार को बरसाना क्षेत्र के आजनौख ग्राम में हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संसद हेमा मलिनी ने कहा कि अक्षय पात्र के माध्यम से महिलाओं द्वारा संचालित यह प्रकल्प महिला सशक्तिकरण के नवीन कीर्तमान स्थापित करेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मथुरा जनपद की लोकप्रिय सांसद हेमा मलिनी व अक्षय पात्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और ट्रस्टी भरतर्षभ दास के द्वारा राधा वृन्दावन चंद्र के समक्ष द्वीप प्रज्जवलित कर किया गया।
अक्षय पात्र द्वारा निर्मित 67वीं केन्द्रीयकृत रसोई महिलाओं द्वारा पूर्णरूपेण संचालित की जाने वाली प्रथम रसोई है। रसोई में भोजन को पकाने में स्थानीय समुदाय की महिलाओं की सक्रिय भागिदारी होगी। संस्था द्वारा इस रसोई से 50 गाँवों के 97 परिषदीय विद्यालयों के 10,000 छात्रों तक गरमा गरम एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।