सेलाकुई, देहरादून। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने आज सहसपुर विधानसभा के सेलाकुई क्षेत्र में सफाई कर्मचारी भाइयों एवं पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन का पावन पर्व सेवा, सम्मान और सामाजिक समरसता के भाव के साथ मनाया।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने नगर पंचायत सेलाकुई की पार्षद श्रीमती किरण पंवार के साथ क्षेत्र में सेवाएं दे रहे सफाई कर्मचारी भाइयों की कलाई पर राखी बांधी तथा उनके स्वस्थ, सुरक्षित एवं खुशहाल जीवन की कामना की।
नेहा शर्मा ने कहा कि हमारे सफाई कर्मचारी समाज की स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मौसम और परिस्थितियों की परवाह किए बिना वे निरंतर अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर उनके साथ यह पर्व मनाना उनके प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
इसके उपरांत सेलाकुई थाने में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ भी रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। नेहा शर्मा ने पुलिसकर्मी भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही समाज की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन-रात कर्तव्य पथ पर तैनात पुलिसकर्मियों की सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने कहा, “रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। हमारे सफाई कर्मचारी और पुलिसकर्मी समाज की सेवा एवं सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। ऐसे कर्मयोगी भाइयों की कलाई पर राखी बांधना मेरे लिए गर्व और आत्मीयता का विषय है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, सहभागिता और सेवा की भावना के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं। रक्षाबंधन का यह पावन पर्व हमें आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और एकजुटता के रिश्ते को और अधिक मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर सभी सफाई कर्मचारी एवं पुलिसकर्मी भाइयों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
@all

